कबाड़ के गोदाम में भीषण आग, आठ दमकल वाहनों ने पाया काबू
इंद्रपाल सिंह
देहरादून के सेलाकुई इंडस्ट्रियल एरिया में आसन नदी किनारे स्थित कबाड़ के गोदाम में लगी भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि गोदाम में रखा पूरा स्क्रैप जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से वहां खड़ी एक मोटरसाइकिल भी जल गई। आग को आसपास की औद्योगिक इकाइयों तक फैलने से रोकने के लिए दमकल विभाग को कई घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
आग की विकरालता को देखते हुए इसे आसपास की औद्योगिक इकाइयों तक फैलने से रोकने के लिए जेसीबी की मदद से कबाड़ के गोदाम को दो हिस्सों में अलग किया गया। वहीं, आसपास की कंपनियों के कर्मचारियों ने पानी के प्रेशर पाइप के जरिए दमकल कर्मियों की मदद की। अग्निशमन विभाग के आठ दमकल वाहनों ने कई घंटे तक आग बुझाने का अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सेलाकुई अग्निशमन प्रभारी दया किशन के मुताबिक आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर गोदाम के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन से चिंगारी गिरने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
औद्योगिक इकाइयों और श्रमिक आबादी के नजदीक संचालित कबाड़ गोदामों में आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। ऐसे में इन गोदामों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और बिजली की लाइनों के नीचे इनके संचालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। गनीमत रही कि आग आसपास की औद्योगिक इकाइयों और श्रमिक बस्तियों तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
दया किशन ( फायर ऑफिसर)
