उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर हरिद्वार में भव्य समारोह, प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने आंदोलनकारियों को किया सम्मानित
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ हरिद्वार में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह का शुभारंभ जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया, वहीं स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक पेश की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन से दिए गए संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया।
राज्य स्थापना दिवस समारोह के दौरान प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने उत्तराखंड राज्य निर्माण में आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उन्हें पटका एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बीते 26 वर्षों में उत्तराखंड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों का जिक्र करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि घाटों के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास सहित विभिन्न परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों, लाभार्थियों, विद्यार्थियों और नगर निगम के पर्यावरण मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सूचना विभाग की विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन भी किया गया।
सतपाल महाराज, कैबिनेट मंत्री, उत्तराखंड*
