बहादराबाद में हथियारों की सप्लाई करने पहुंचे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक को लगी गोली; दो गिरफ्तार
हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई करने पहुंचे बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुकुल नाम के बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो अन्य साथियों विशाल और भूपेंद्र को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और 315 बोर का तमंचा बरामद किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुलार ने बताया रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रैंड लज्जा के पास कुछ बदमाश पिस्टल की सप्लाई करने आने वाले हैं। इस पर बहादराबाद पुलिस ने घेराबंदी कर एंबुश लगाया। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे तीन युवकों को पकड़ने का प्रयास किया गया। पुलिस ने विशाल और भूपेंद्र को मौके पर पकड़ लिया, जबकि मुकुल गन्ने के खेत की ओर भागा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल (25), निवासी वाल्मीकि बस्ती बहादराबाद, भूपेंद्र (23), निवासी मुजफ्फरनगर और मुकुल (25), निवासी सरधना मेरठ के रूप में हुई है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाश के उपचार और घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अवैध हथियारों की सप्लाई के नेटवर्क की जांच कर रही है।
नवनीत सिंह भुल्लर ,एसएसपी हरिद्वार*
