हरिद्वार के श्यामपुर स्थित कांगड़ी फ्लाईओवर एक बार फिर दर्दनाक हादसे का गवाह बना। रविवार को हरिद्वार से श्यामपुर की ओर जा रही स्कूटी को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 16 वर्षीय कार्तिक अग्रवाल, पुत्र नवीन अग्रवाल, निवासी कालीवाली हवेली, हरकी पैड़ी और 14 वर्षीय कृष्णा राजपूत, पुत्र सोनू राजपूत, निवासी शिवनगर, रानी गली, हरिद्वार के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार हरिद्वार से बिजनौर की ओर जा रही थी। सूचना मिलते ही कोतवाली श्यामपुर प्रभारी नितेश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
कांगड़ी फ्लाईओवर पर लगातार हो रहे हादसे अब गंभीर चिंता का विषय बन चुके हैं। पहले भी यहां कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। ऐसे में स्थानीय लोग फ्लाईओवर पर स्पीड कंट्रोल, बेहतर लाइटिंग, चेतावनी संकेत और प्रभावी सुरक्षा इंतजामों की मांग कर रहे हैं, ताकि कोई और परिवार इस तरह का दर्द न झेले।
NBB News | हर खबर, सबसे पहले
