हरिद्वार में दंडवत यात्रा का दूसरा दिन, 15 हजार से अधिक श्रद्धालु गंगा स्वच्छता का लेंगे संकल्प
हरिद्वार में तृतीय मठाधिपति करौली शंकर महादेव के नेतृत्व में भव्य दंडवत यात्रा लगातार दूसरे दिन भी जारी है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 15 हजार से अधिक अनुयायी इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। यात्रा के दूसरे दिन हजारों अनुयायी मां गंगा की स्वच्छता का संकल्प लेते हुए गंगा घाटों पर सफाई अभियान में भाग लेंगे। इस पहल का उद्देश्य मां गंगा को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के साथ-साथ सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार करना और वर्ष 2027 में हरिद्वार में होने वाले कुंभ को दिव्य, भव्य एवं स्वच्छ बनाने का संदेश देना है।
करौली शंकर महादेव ने कहा कि मां गंगा की स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है। दंडवत यात्रा के माध्यम से देश की अखंडता, सनातन संस्कृति के संरक्षण और गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में हरिद्वार में होने वाले कुंभ को दिव्य और भव्य बनाने के लिए अभी से जनभागीदारी जरूरी है। यात्रा में शामिल श्रद्धालु गंगा की स्वच्छता का संकल्प लेकर लोगों को जागरूक करेंगे, ताकि मां गंगा की पवित्रता और सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखा जा सके।
बाइट: करौली शंकर महादेव, तृतीय मठाधिपति, मिश्री मठ हरिद्वार
