सिडकुल में बेतरतीब खड़े ट्रकों से यातायात व्यवस्था प्रभावित
हरिद्वार के सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में सड़कों पर बेतरतीब खड़े मालवाहक ट्रक यातायात के लिए मुसीबत बन रहे हैं। कंपनियों के बाहर खड़े ट्रकों के चलते कर्मचारियों और राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कंपनियों की छुट्टी के समय जाम की स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। वहीं, सड़क किनारे खड़े ट्रकों से दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
सिडकुल में मालवाहक वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होने के बावजूद सड़कों पर ट्रकों का जमावड़ा खत्म नहीं हो रहा है। कई बार सड़क पर खड़े ट्रकों के कारण हादसों की स्थिति भी बन चुकी है। मामले को लेकर आरटीओ नेहा झा का कहना है कि सिडकुल प्रशासन से संपर्क कर समस्या के समाधान और पार्किंग व्यवस्था को लेकर विचार-विमर्श किया जा रहा है। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को चेतावनी देने के साथ चालान की कार्रवाई भी की गई है।
नेहा झा, आरटीओ, हरिद्वार
