बारिश पर प्रशासन अलर्ट, डीएम मयूर दीक्षित के सख्त निर्देश
एंकर: हरिद्वार में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
वीओ: जिलाधिकारी ने कहा है कि जलभराव, सड़क बाधित होने या किसी भी आपदा की सूचना मिलते ही अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचें और आवश्यक कार्रवाई करें। जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या है, वहां तत्काल जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बारिश से सरकारी या निजी संपत्ति को हुए नुकसान का तत्काल आकलन कर जिला आपदा कंट्रोल रूम को रिपोर्ट भेजने को कहा गया है।
श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों से अपील करते हुए डीएम मयूर दीक्षित ने गंगा घाटों और नदी किनारों पर विशेष सावधानी बरतने को कहा है। तेज बहाव वाले क्षेत्रों में न जाने, प्रशासन और पुलिस के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी तरह का जोखिम न उठाने की अपील की गई है।
नदी किनारे रहने वाले लोगों को भी बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी के पास न जाने की सलाह दी गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई कर जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
